Home » थानों में मुंशी का काम चौकीदारों से लिया जा रहा है

थानों में मुंशी का काम चौकीदारों से लिया जा रहा है

बिहार डेस्क, हक़ीकत न्यूज़, पटना :   थानों में मुंशी का काम चौकीदारों से लिया जा रहा है। यह हाल सभी थानों में नहीं है पर कई थानों में जरूर है। चौकीदार को मुंशी की जिम्मेदारी दिए जाने के मामले सामने आने पर पुलिस मुख्यालय बेहद गंभीर है। डीजीपी एसके सिंघल ने इसपर न सिर्फ गहरी नाराजगी जताई है बल्कि इसे आपत्तिजनक माना है। ऐसा करनेवाले थानेदारों से जवाब तलब करने का आदेश भी एसपी को दिया है। साथ ही, आला पुलिस अधिकारियों को तुरंत मामले की समीक्षा करने के आदेश भी दिए गए हैं। चौकीदारों से कई थानों में मुंशी का काम लिए जाने का मामला हाल में ही सामने आया है। पुलिस मुख्यालय द्वारा आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान डीजीपी ने इसपर नाराजगी जताते हुए चौकीदारों को तुरंत इस जिम्मेदारी से मुक्त करने को कहा। साथ ही उन्होंने ऐसा करनेवाले थानेदारों से शोकॉज करने का भी आदेश जिले के पुलिस अधीक्षकों को दिया है। डीजीपी ने रेंज आईजी और डीआईजी को इसकी समीक्षा के भी आदेश दिए हैं।  डीजीपी ने इसके साथ ही मुंशी का काम किससे लिया जाएगा यह भी तय कर दिया है। अपने आदेश में उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि थानों में मुंशी का काम उन्हीं सिपाहियों से लिया जाए जिनकी सेवा कम से कम दस साल हो चुकी है। इससे कम सेवाकाल वाले सिपाही या किसी दूसरे से मुंशी का काम नहीं लिया जाएगा।

 

बिधिवत सतर्कीकरण एवं डिस्क्लेमर (अस्वीकरण) : आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए न्यूज़ पोर्टल (हकीक़त न्यूज़ www.haqiquatnews.com)  उत्तरदायी नहीं है। और ना ही इन संप्रषण / भाषण / टिप्पणी/ विचारों का किसी भी तरह से समर्थन करता है।

Featured