हकीकत न्यूज़ डेस्क : सलमान खान की फिल्म सिकंदर 30 मार्च को रिलीज हो गई, और इसे देखने के लिए थिएटर्स में जबरदस्त भीड़ उमड़ पड़ी। फैंस के बीच इस फिल्म को लेकर भारी दीवानगी देखने को मिली, यहां तक कि एक फैन ने 1.72 लाख रुपये की टिकटें खरीदकर लोगों में मुफ्त बांट दीं। फिल्म की रिलीज ऐसे समय पर हुई जब 31 मार्च को ईद मनाई जानी है। एडवांस बुकिंग के आंकड़ों के मुताबिक, पहले दिन से ज्यादा टिकटें 31 मार्च और 1 अप्रैल के शोज के लिए बिकी हैं, क्योंकि 30 मार्च को रमजान का आखिरी दिन था और मुस्लिम दर्शकों का एक बड़ा वर्ग थिएटर्स से दूर रहा। हालांकि, ऑन स्पॉट बुकिंग से अच्छे कलेक्शन की उम्मीद है।सिकंदर का बजट करीब 200 करोड़ रुपये है। इसे साजिद नाडियाडवाला ने प्रोड्यूस किया है और एआर मुरुगादॉस ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में सलमान खान के साथ रश्मिका मंदाना, काजल अग्रवाल, शरमन जोशी, सुनील शेट्टी, सत्यराज, अंजिनी धवन और प्रतीक बब्बर भी नजर आ रहे हैं। टीजर, ट्रेलर और गानों को शानदार रिस्पॉन्स मिला है, जिससे यह साफ है कि फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज है। ओपनिंग डे पर सिकंदर ने एडवांस बुकिंग में बेहतरीन प्रदर्शन किया। रविवार सुबह तक देशभर में 3.38 लाख से ज्यादा टिकटें बिक चुकी थीं। इनमें से 2D स्क्रीन्स के लिए 3.35 लाख और IMAX 2D के लिए 2923 टिकटें बिकीं। रिलीज से पहले ही फिल्म ने 10.09 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई कर ली थी, और अगर ब्लॉक सीटों को भी शामिल किया जाए, तो यह आंकड़ा 17.61 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है। हालांकि, टाइगर 3 की तुलना में एडवांस बुकिंग थोड़ी कम रही, लेकिन सलमान की स्टार पॉवर और रविवार की छुट्टी के चलते ऑन स्पॉट बुकिंग में उछाल आने की संभावना है।
ईद पर ब्लॉकबस्टर एंट्री! ‘सिकंदर’ की बंपर ओपनिंग के आसार












Add Comment