Home » घरेलू विवाद में एक छोटे भाई ने अपने बड़े भाई और बहन को बम मारकर जख्मी कर दिया

घरेलू विवाद में एक छोटे भाई ने अपने बड़े भाई और बहन को बम मारकर जख्मी कर दिया

बिहार डेस्क, हक़ीकत न्यूज़, मोतिहारी : बिहार के मोतिहारी से एक बड़ी खबर सामने आयी है।  जहां घरेलू विवाद में एक छोटे भाई ने अपने बड़े भाई और बहन को बम मारकर जख्मी कर दिया।  दोनों को जख्मी हालत में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।  बेहतर इलाज के लिए दोनों को बड़े हस्पताल में  रेफर कर दिया गया है। वहीं इस पूरे मामले की जांच के लिए पुलिस भी मौके पर पहुंची।  मोतिहारी के मलाही थाना क्षेत्र के पुरन्दरपुर की यह घटना बताई जा रही है ,जहां घरेलू विवाद ने इस कदर तूल पकड़ा कि एक व्यक्ति ने अपने बड़े  भाई और बहन पर बम से हमला कर दिया। बम फटने की खबर मिलते ही अरेराज डीएसपी, गोबिंदगंज थाना व मलाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गयी। वहीं परिजनों ने दोनों भाई-बहन को जख्मी हालत में मोतिहारी के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आरोपित छोटे भाई का नाम शत्रुध्न साह है जिसने अपने बड़े भाई मनोज साह पर हमला किया है. मनोज साह पुरन्दरपुर गांव में ही डीलर है. बताया जा रहा है कि मनोज साह बाइक से जा रहे थे और घर से निकलने के समय ही छोटे भाई से किसी बात पर विवाद हुआ. इसी दौरान छोटे भाई ने बम से हमला कर दिया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार  दोनों भाइयों में जनवितरण दुकान व जमीन की हिस्सेदारी को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। लेकिन इस घटना की सही वजह अभी तक सामने नहीं आई है। घटना को अंजाम देकर आरोपित शत्रुध्न साह मौके से फरार हो गया।  पुलिस आरोपित को खोजने में लगी हुई है।  वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से कुछ विवादित सामान भी जब्त किये हैं।  पूरे मामले की जांच जारी है। अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

Featured