Home » समस्तीपुर में अधेड़ की गोली मारकर हत्या, घर से कोर्ट जाने के दौरान रास्ते में किया छलनी
अपराध बिहार राज्य

समस्तीपुर में अधेड़ की गोली मारकर हत्या, घर से कोर्ट जाने के दौरान रास्ते में किया छलनी

हक़ीकत न्यूज़, न्यूज़ डेस्क, समस्तीपुर : समस्तीपुर के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र की घटना है। दलसिंहसराय सिविल कोर्ट जाने के दौरान घटना हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।  समस्तीपुर में घर से कोर्ट जा रहे एक व्यक्ति की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के पचपैका निवासी शिवजी महतो के पुत्र अनिल महतो ऊर्फ विनोद महतो (55 वर्ष) के रूप में हुई है।  सोमवार (22 जुलाई) की सुबह बाइक सवार बदमाशों ने इस। घटना को अंजाम दिया। अनिल महतो उर्फ विनोद महतो बाइक से अपने घर से दलसिंहसराय सिविल कोर्ट जा रहे थे।  उन पर 302 का एक मुकदमा चल रहा है।  उसी सिलसिले में आज तारीख थी।  इस बीच एसएच-88 पर डैनी चौक के समीप दो बाइक पर पहुंचे पांच की संख्या में हथियारबंद बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी।  घटना में तीन गोली अनिल महतो के पंजड़ा, हाथ और बांह में जा लगी।  बताया गया कि गोली लगने के बाद अनिल महतो बाइक से गिर गए।  इसके बाद आसपास के लोग जुटे लेकिन बदमाश फरार हो चुके थे।  घटना के बाद कुछ लोगों ने उन्हें उठाया और इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल ले गए।  वहाँ  इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।  घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा, थानाध्यक्ष राकेश कुमार रंजन अस्पताल पहुंचे। उधर घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे।  परिजन रोने-बिलखने लगे।  हालांकि गोली मारने के पीछे की वजह का अभी खुलासा नहीं हो सका है। कुछ लोग इसे आपसी विवाद से जोड़कर देख रहे हैं। इस संबंध में एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।  घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से बदमाशों की पहचान की जा रही है। खुलासा होने के बाद आगे की क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी।