Home » बांका में बालू माफियाओं का आतंक: पुलिस टीम पर हमला, श्राद्ध भोज से 15 लोग बीमार
अपराध बिहार

बांका में बालू माफियाओं का आतंक: पुलिस टीम पर हमला, श्राद्ध भोज से 15 लोग बीमार

हक़ीकत न्यूज़ डेस्क, बांका, बिहार : बिहार के बांका जिले में हाल ही में हुई घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के टाउन थाना क्षेत्र के भदरार कुरमा इलाके में बालू माफिया के खिलाफ छापेमारी के दौरान पुलिस और खनन विभाग की टीम पर हमला हुआ। पुलिस के अनुसार,अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे खनन इंस्पेक्टर, बांका थाना प्रभारी, और पुलिस लाइन से आए बल पर बालू माफियाओं ने पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सिपाही को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में भागलपुर रेफर किया गया। इसके साथ ही पुलिस के वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। हालांकि, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर जब्त कर लिए और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। इस घटना ने जिले में बालू माफियाओं के बढ़ते हौसले को उजागर किया है, जो प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। इसी बीच बांका जिले के एक अन्य हिस्से में श्राद्ध के भोज के बाद १५ (15) ग्रामीणों की तबीयत खराब होने की खबर सामने आई। अचानक तबीयत बिगड़ने पर सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग जांच कर रहा है।